आजादी के अमृत महोत्सव की श्रृंखला में स्थानीय पंचायत भवन में आयोजित किए जा रहे जिला स्तरीय गीता महोत्सव में हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री देवेंद्र सिंह बबली ने श्रीमद् भगवत गीता के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर सबके सुख की कामना की और कहा कि गीता हमें कर्म के बारे में ज्ञान देती है। उन्होंने हरियाणा सरकार और मुख्यमंत्री मनोहर लाल का धन्यवाद किया कि जिला स्तर पर इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित कर गीता महोत्सव के प्रचार प्रसार को बढ़ावा दे रही है।
उन्होंने कहा कि संपूर्ण मानवता का ग्रंथ गीता में ही समाहित है। गीता हमारे जीवन की पाठशाला है। हम इसे पढकर अपने जीवन की सही राह पर आगे बढ़ सकते हैं। प्रत्येक व्यक्ति की सामाजिक और पारिवारिक जिम्मेवारियों के अलावा राष्ट्र के प्रति भी जिम्मेवारियों को निभाना चाहिए। उन्होंने कहा कि हमें गीता को आत्मसात करने की आवश्यकता है और महापुरूषों ने जो मार्ग दिखाया है हमें उस मार्ग पर चलते हुए सामाजिक व धार्मिक कार्यों के अलावा विकासात्मक कार्यों में भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए।
कैबिनेट मंत्री ने गीता महोत्सव में विभिन्न विभागों और सामाजिक-धार्मिक संगठनों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया और उनकी सराहना भी की। उन्होंने कहा कि हम बड़े सौभाग्यशाली है कि भगवान श्री कृष्ण ने कुरूक्षेत्र की पावन धरा पर गीता का ज्ञान दिया। गीता हमें कर्म के मार्ग पर चलने का संदेश देती है। पवित्र ग्रंथ गीता हमें जीवन में सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ते रहने की नई प्रेरणा देती है।