Event Detail | Events & Activities | Azadi Ka Amrit Mahotsav, Ministry of Culture, Government of India

Event Detail

Go To Event List

Vivekananda Sandesh Yatra

Vivekananda Sandesh Yatra

December 18, 2022

युवा भारत और स्वामी विवेकानंद विषयक संगोष्ठी एवं रन फॉर विवेकानंद मैराथन का आयोजन

स्वामी विवेकानन्द के संदेश और शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए निकाली जा रही विवेकानन्द संदेश यात्रा के बीकानेर में पड़ाव के दूसरे दिन रविवार को विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। सुबह भ्रमण पथ से रन फॉर विवेकानन्द मैराथन दौड़ हुई। दोपहर में भारतीय आदर्श विद्या मंदिर, व्यास कॉलोनी में गोष्ठी का आयोजन, चर्चा एवं प्रश्नोत्तरी का आयोजन हुआ। रवीन्द्र रंगमंच में युवा भारत और स्वामी विवेकानन्द विषय पर संगोष्ठी का आयोजन हुआ। मुख्य वक्ता राष्ट्र जागरण अभियान की समन्वयक एवं अधिवक्ता सुबूही खान ने कहा कि युवाओं और किशोरों को अपने जीवन का लक्ष्य तय करना चाहिए तभी वे आगे बढ़ पाएंगे। उन्होंने कहा कि युवा वस्तुओं में ब्रांड्स ढूंढने की बजाय अपने चरित्र को ब्रांड बनाएं।

शिवबाड़ी मठ के अधिष्ठाता स्वामी विमर्शानंद गिरि ने उपस्थित लोगों से अपने अन्दर के विवेकानंद को जगाने का प्रयास करने पर बल दिया । भारत के विश्वगुरू होने का आधार उसकी प्राकृतिक सम्पदा एवं आध्यात्मिक एकता रहा है। इसलिए हमें फिर से प्राकृतिक सम्पदा एवं आध्यात्मिक शक्ति का समन्वय करना होगा, तभी हम उस स्वरूप को प्राप्त कर पाएंगे। डॉ. दिव्या जोशी ने केंद्र का परिचय दिया । प्रचारक नन्दलाल जोशी व कार्यकर्ता सुरेश ने गीत की प्रस्तुति दी। यात्रा के समन्वयक रितेश अरोड़ा ने मंचासीन स्वामी विमर्शानंदगिरी, सन्देश यात्रा की प्रांतीय समिति के सदस्य सुभाष मित्तल, अधिवक्ता सुबूही खान व उपिस्थतजनों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन सुहानी शर्मा ने किया ।

विवेकानन्द संदेश यात्रा के बीकानेर में पड़ाव के दूसरे दिन रविवार सुबह रन फॉर विवेकानन्द का आयोजन हुआ। पुलिस महानिरीक्षक ओम प्रकाश ने वृद्धजन भ्रमण पथ से झंडी दिखाकर मैराथन दौड़ का आगाज किया। मैराथन में 650 से अधिक युवक-युवतियां शामिल हुए। मैराथन वृद्धजन भ्रमण पथ से शुरु होकर पीबीएम अस्पताल रोड, कलक्ट्रेट होती हुई पुनः भ्रमण पथ पहुंची। डॉ. सुषमा मिश्रा के अनुसार इंजीनियरिंग तथा डूंगर कॉलेज के एनसीसी कैडेट्स, एम.एस. कॉलेज, बी. जे.एस. रामपुरिया कॉलेज, तीरंदाजी संगठन, पॉलिटेक्निक कॉलेज, एनएसपी कॉलेज, अखाड़ा क्लब, ई.सी.बी., हिमालय परिवार सहित कई विद्यालयों, महाविद्यालयों व संगठनों ने भाग लिया।

Top